जमशेदपुर में छठ पूजा की जोरदार तैयारी: 150 घाटों की सफाई, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जमशेदपुर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नगर निगम ने पूरे शहर में लगभग 150 छठ घाटों की सफाई युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है। इस बार नगर निगम ने सफाई के साथ-साथ घाटों पर चेंजिंग रूम और दीवारों पर छठ थीम की पेंटिंग्स बनाने की भी व्यवस्था की है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और आकर्षक माहौल मिल सके।
शहर की स्वर्णरेखा और खरकई नदी के घाटों पर हर साल लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। इस बार भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। सभी प्रमुख घाटों पर एनडीआरएफ टीम और गोताखोरों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
नगर निगम के अपर आयुक्त कृष्ण कुमार लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है।
प्रशासन की कोशिश है कि इस बार छठ पूजा न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बने, बल्कि स्वच्छता और सुरक्षा के मामले में भी एक मिसाल पेश करे।




