
चाईबासा:- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी पर राज्य को अस्थिर करने का गंभीर आरोप लगाया है। चाईबासा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि भाजपा सत्ता की लालसा में झारखंड को हिंसा की आग में झोंकना चाहती है।
उन्होंने भोगनाडीह कांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के पीछे भाजपा की पूर्वनियोजित साजिश का पर्दाफाश हो चुका है। भाजपा सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन झारखंड की जनता अब जागरूक है और ऐसे किसी भी षड्यंत्र में नहीं फंसेगी।
देवगम ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” की नीति को अपनाकर समाज में फूट डालने की साजिश रची है।
इस अवसर पर झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य ने कहा कि भोगनाडीह कांड में भाजपा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि भाजपा हिंसा और साजिश की राजनीति करती है। वहीं, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने कहा कि झूठ, धोखा और हिंसा भाजपा के डीएनए में शामिल है।
सम्मेलन में झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने भाजपा की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए झारखंड की एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।