चांडिल डैम में डूबे पॉलिटेक्निक छात्र का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम

सरायकेला: चांडिल डैम में रविवार को नहाने के दौरान डूबे पॉलिटेक्निक छात्र मोहम्मद साहिल (20 वर्ष) का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक रांची के रामगढ़ क्षेत्र का निवासी था। युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं सूचना मिलते ही मृतक के परिजन चांडिल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर से उनका रो-रो कर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को मोहम्मद साहिल अपने सात अन्य दोस्तों के साथ चांडिल डैम घूमने और नहाने के उद्देश्य से पहुंचा था। सभी दोस्त धनबाद और रांची के रहने वाले बताए जा रहे हैं। नहाने के दौरान साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया और फिर बाहर नहीं निकल सका। काफी देर तक जब साहिल का कुछ पता नहीं चला, तो उसके दोस्तों ने देर शाम चांडिल थाना में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह पुनः सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें गोताखोरों को साहिल का शव डैम से बरामद हुआ।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।